मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहाकि अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर के 3700 करोड़ रुपये के सौदे में 360 करोड़ की रिश्वतखोरी हुई, जिसमें 150 करोड़ कांग्रेस नेताओं को दिए गए। रक्षा सौदे में दलाली व देश की सुरक्षा से खिलवाड़ के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को लोकभवन में मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा, कांग्रेस अपने कारनामों से आम नागरिकों व देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करती रही है। वर्ष 2004 से 2014 के बीच देश में कोई ऐसा क्षेत्र नहीं, जिसमें उसने घोटाले न किए हों। यूपीए सरकार में जल, थल, आकाश और पाताल हर जगह भ्रष्टाचार हुआ।
दुखद है कि कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई के सेनानियों व अपने संस्थापकों के मूल्यों को भी नकार दिया है। कांग्रेस का वर्तमान नेतृत्व नाकारा साबित हुआ है। उसके भ्रष्टाचार से भारत की छवि दुनिया में खराब हुई है। अगस्ता वेस्टलैंड मामले में जो परतें खुल रही हैं, उसे गंभीरता से लेने की जरूरत है।
इसमें देश के सबसे बड़े राजनीतिक हैसियत वाले परिवार, श्रीमती गांधी व कांग्रेस से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। क्रिश्चियन मिशेल की गिरफ्तारी के बाद से कांग्रेस सर्वाधिक घबराई हुई है। योगी ने पूछा कि मिशेल से कांग्रेस के कौन-से रिश्ते हैं, जो अपने अधिवक्ताओं को भेजकर मामले में लीपापोती कराने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस ने चोर की दाढ़ी में तिनके वाली बात को सही साबित किया है। कांग्रेस की स्थिति चोर मचाए शोर जैसी है। कांग्रेस नेता ईमानदारी साबित करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने 2009-10 में जिन 12 अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर को खरीदने की जरूरत बताई थी, कांग्रेस ने शुरुआत से ही उसमें भ्रष्टाचार किया। मिशेल की गिरफ्तारी और ईडी की जांच के बाद पूरी तरह साबित हो चुका है कि इस मामले में कांग्रेस संलिप्त है।
इसमें कंपनी के अधिकारियों को इटली की अदालत चार-चार साल की सजा सुना चुकी है। अदालत ने उल्लेख किया कि कुछ अभियुक्तों के इटली से बाहर होने के कारण उनके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।
योगी ने कहा कि कांग्रेस अब चोरी और सीनाजोरी की कहावत को चरितार्थ कर रही है। कठघरे में होने के कारण कांग्रेस नेता अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। कांग्रेस को समय से हेलीकॉप्टर की आपूर्ति नहीं हो पाने और रिश्वतखोरी के कृत्यों के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।