मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि एंटी करप्शन पोर्टल को एक्टिव रखें, हर शिकायत का गम्भीरता से संज्ञान लें। हर विभाग में मानव संसाधन की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए अनावश्यक तैनात, अतिरिक्त मानव संसाधन का उचित समायोजन किया जाए। पूर्वी उत्तर प्रदेश में संचारी रोग की स्थिति को देखते हुए चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टरों, पैरामेडिक्स, दवाओं आदि की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। इस संबंध में स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक प्रबंध किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में कुल एक्टिव केस की संख्या 1277 है। विगत 24 घंटों में 94324 कोरोना टेस्ट किए गए, जिसमें 210 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 132 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। गौतमबुद्ध नगर में 120, गाजियाबाद में 49 और लखनऊ में 12 नए पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। इन जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।
प्रदेश में 31 करोड़ 10 लाख से अधिक कोविड टीकाकरण के साथ ही 18 वर्ष से अधिक आयु की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जबकि 87.47 प्रतिशत से अधिक वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी है। 15 से 17 आयु वर्ग में 94.62 प्रतिशत किशोरों को पहली खुराक मिल चुकी है और 63.77 प्रतिशत से किशोरों को दोनों डोज लग चुकी है। बच्चों के टीकाकरण को और तेज करने की आवश्यकता है। 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को पहली डोज के बाद अब पात्रता के अनुसार दूसरी डोज भी दी जाए।