एमएसएमई सेक्टर के लिए 1.32 लाख करोड़ का ऋण
कार्यक्रम में प्रदेशभर के कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के लिए बैंकों द्वारा 1.32 लाख करोड़ का ऋण वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि कई राज्यों के वार्षिक बजट से भी अधिक है। मंच से सीएम योगी ने सीतापुर की शशि देवी को 2 लाख और लखनऊ की अंशु शर्मा को 9.5 लाख का ऋण दिया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत प्रदेशभर के 12,000 कारीगरों को टूलकिट दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में जहां 100 रुपये जमा पर केवल 44 रुपये का ऋण मिलता था, वहीं आज यह अनुपात 62 प्रतिशत हो गया है।
विश्वकर्मा जयंती पर सीएम योगी के हाथों सम्मान पाने में लखनऊ की आधी आबादी आगे रही। लखनऊ की प्रियंका तिवारी, अंशू शर्मा और सविता श्रीवास्तव को सीएम के हाथों सम्मान मिला। वहीं, युवक रितिक कनौजिया को सीएम ने वॉशिंग मशीन और प्रेस दिया। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को सीएम योगी ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूल किट का वितरण किया। इसमें महिलाओं को सिलाई मशीन दी गई। सीएम योगी के हाथों सिलाई मशीन व प्रेस पाने वाली लखनऊ की प्रियंका तिवारी ने बताया कि वह सिलाई कढ़ाई का काम करती हैं। सिलाई मशीन उनके काम को आसान करेगी। सीएम के हाथों मशीन मिलने से वह बेहद खुश हैं। वहीं,मलिहाबाद से पहुंची अर्चना, काजल कश्यप और पूनम ने बताया कि वह सिलाई कढ़ाई का काम करती हैं। लंच पैकेट के साथ हम लोगों को झोला मिला है, जिसमें इंचीटेप व प्रेस है। सिलाई मशीन बाद में मिलेगी। बताया कि पिछले साल ट्रेनिंग हुई थी। होली में चार हजार रुपये भी मिले थे।
नियुक्ति पत्र मिलने से गदगद हुईं सविता
पीजीआई क्षेत्र की रहने वाली सविता श्रीवास्तव को सीएम योगी ने कनिष्ठ सहायक का नियुक्ति पत्र सौंपा। बताया कि लखनऊ में ही उद्योग विभाग में पोस्टिंग मिली है। अगस्त 2022 में परीक्षा दी थी। सीएम योगी का धन्यवाद कि पारदर्शी व्यवस्था के तहत उनको रोजगार मिल सका।
बैटरी के उद्यम के लिए मिले 9.5 लाख
सीएम योगी ने अंशू शर्मा को उद्यम लगाने के लिए 9.5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। अंशू ने बताया कि कर्ज मिलने से उनका काम और बढ़ेगा। बैटरी मैन्युफैक्चरिंग का काम शुरू किया है। सीएम योगी को धन्यवाद दिया।
अब हाथों से नहीं धुलने पड़ेंगे कपड़े
गोमतीनगर के रहने वाले रितिक कनौजिया को वॉशिंग मशीन और प्रेस मिला। बताया कि वह कपड़ा धुलने व प्रेस करने का काम करते हैं। वाशिंग मशीन से हाथ से कपड़े नहीं धुलने पड़ेंगे।