वार्षिक परीक्षाओं के दौरान लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध आदर्श सत्येंद्र महाविद्यालय में जब उड़ाका दल पहुंचा तो उसे कॉलेज के परीक्षा संचालन कक्ष में वहां के प्रबंधक की बहू परीक्षा देते मिली।
इस मामले की रिपोर्ट उड़ाका दल ने विवि के प्रॉक्टर ऑफिस में की है। 11 अप्रैल को सुबह 8 से 11 बजे की पाली में बीए द्वितीय वर्ष एजुकेशन, जियोग्राफी और बीए तृतीय वर्ष इंग्लिश का पेपर चल रहा था।
जब उड़ाका दल आदर्श सत्येंद्र कॉलेज पहुंचा तो एक कमरे में जाने पर जितने स्टूडेंट्स की उपस्थिति दर्ज थी उनमें से एक अनुपस्थित नजर आया। पूछने पर कॉलेज प्रबंधक ने बताया कि परीक्षार्थियों में एक उसकी बहू है जो कि तबीयत खराब होने के चलते परीक्षा संचालन कक्ष में बैठी है।
जबकि उसी विषय से संबंधित बाकी सभी स्टूडेंट्स अलग कमरे में परीक्षा दे रहे थे। इस बारे में पूछने पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. निशि पांडेय ने बताया कि उड़ाका दल की रिपोर्ट परीक्षा नियंत्रक एसके शुक्ला को भेज दी गई है।