बाराबंकी। तीन दिन से लगातार हो रही बारिश बुधवार को आफत बन गई। दोपहर करीब डेढ़ बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश हर तरफ आफत बन कर टूटी। इससे शहर से लेकर गांव तक सड़कों से लेकर दुकानों व मकानों में पानी भर गया। बारिश के कारण फतेहपुर क्षेत्र में चौरियारी नदी उफनाने से छेदा से सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा को जाने वाली सड़क पर बना पुल डूब जाने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सआदतगंज के निकट जालिम पुरवा गांव में दीवाल गिरने से नन्हे लाल मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने उन्हें निकाल कर सीएचसी पहुंचाया।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जिले में करीब 28 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। सबसे ज्यादा बारिश हैदरगढ़ और सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में हुई। बारिश के कारण दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। आगामी 24 घंटे में भी कई जगह पर तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
बारिश के कारण कई जगह कच्चे घरों की दीवार, छप्पर, पेड़ और बिजली के पोल गिरने से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घंटों बिजली सप्लाई बाधित रही। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण खेतों में धान की अगेती फसल भी गिरकर खेतों में बिछ गई। इससे किसानों के चेहरे भी मुरझा गए।
बरसात के दौरान सीतापुर से छोड़े गए पानी से विकास खंड सूरतगंज क्षेत्र के चौरियारी नदी का जल स्तर अचानक बढ़ गया। इस कारण बेलहरा से रामपुर मथुरा मार्ग पर स्थित बेहड़ा रपटा पुल डूब जाने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया नदी का पानी बढ़ने से ग्राम पतोंजा, फातेहपूरवा, कहारान पुरवा, गोंडियन पूरवा, लोनियन पुरवा, झाबरपुर, बेहड़ा, देवरिया, कुम्हारन पुरवा सहित करीब दर्जन भर गांव पानी की चपेट में आ गए हैं। बाइक सवार व साइकिल से लोग बुधवार को दिन में जान जोखिम में डालकर आते-जाते दिखे। एसडीएम फतेहपुर कार्तिकेय सिंह ने बताया कि निगरानी के लिए राजस्व व पुलिस टीम को तैनात कर दिया गया है।
सड़कों से लेकर घरों व दुकानों तक भरा पानी
शहर में बस स्टेशन, पुलिस लाइन, जीआइसी परिसर, पैसार आदि स्थानों पर हर तरफ जलभराव होने से लोगों का चलना तक दुश्वार हो गया। बस स्टेशन पर लोगों को जलभारव पानी में चलकर बसों पर चढ़ते देखे गए। जिला पूर्ति कार्यालय, जिला अस्पताल परिसर में भी पानी भर गया। जल भराव से लोग परेशान दिखे। स्टेडियम में पानी भरने से खेल गतिविधियां ठप हो गईं। बाल विहार काॅलोनी, आवास विकास, लखपेडाबाग, बड़ेल, आनंद विहार आदि मोहल्लों में जलभराव से लोग परेशान दिखे।
दीवार ढहने से एक घायल
मसौली थाना क्षेत्र के सआदतगंज के निकट जालिम पुरवा गांव में दीवाल गिरने से नन्हे लाल मलबे के नीचे दब गए। उन्हें ग्रामीणों ने निकाल कर सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में इलाज चल रहा है। वहीं कोटवाधाम के निकट भिटरिया से दरियाबाद मार्ग पर बबूल का पेड़ गिर जाने से लोगों को आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस पेड़ को किनारे करा आवागमन सुचारू कराया।