लखनऊ। विभूतिखंड के कठौता चौराहे पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर मऊ के गोहना के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख अजीत सिंह की हत्या की साजिश रचने के आरोपी प्रदीप कुमार सिंह और सुनील राठी के खिलाफ एसटीएफ ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। सीजेएम रवि कुमार गुप्ता ने चार्जशीट पर संज्ञान लेकर आरोपियों को 19 फरवरी को जेल से तलब किया है।
मामले के विवेचक ने कोर्ट में आरोपी प्रदीप कुमार सिंह और सुनील राठी के खिलाफ चार्जशीट दायर कर बताया कि आरोपी ने इस हत्याकांड में मुख्य भूमिका निभाई है और इस घटना की साजिश रचने के अलावा आरोपियों की मदद की है। इस घटना में ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर अजीत सिंह की हत्या की गई है। कहा गया कि विवेचना में आरोपी का नाम प्रकाश में आया। इस मामले में ध्रुव सिंह उर्फ कुण्टू, अखंड प्रताप सिंह, तेज प्रताप सिंह उर्फ प्रिंस, अब्दुल रेहान, मनीष उर्फ बंधन, शिवेंद्र उर्फ अंकुर सिंह, संदीप उर्फ बाबा, राजेश उर्फ वीरू और राजेश तोमर के खिलाफ पूर्व में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। अजीत सिंह हत्याकांड की रिपोर्ट इस घटना में घायल मोहर सिंह ने 6 जनवरी को विभूतिखंड में दर्ज कराई थी जिसमें बताया गया था कि गाड़ी से उतरते समय कठौता झील के पास अजीत सिंह की ताबड़तोड़ गोलियां मार कर हत्या कर दी गई। इस घटना में जहां अजीत को 25 गोलियां लगी थीं तो वहीं वादी मोहर सिंह के पैर में गोली लगी थी।