लखनऊ। 10वीं और 12वीं कक्षा की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 8 जनवरी से शुरू होनी हैं लेकिन प्रश्नपत्रों की कमी के चलते विद्यालयों की परेशानी बढ़ गई है। सिटी स्टेशन रोड स्थित राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को सभी विषयों के प्रश्नपत्र विद्यालयों को नहीं मिल सके।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अनुसार, प्रश्नपत्र उपलब्ध न होने की स्थिति में मुख्य विषयों की फोटो कॉपी कराकर परीक्षा कराई जाएगी। परिषद के निर्देश के अनुसार इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा-2025 के प्रश्नपत्रों से ही प्री-बोर्ड परीक्षा कराई जानी है।
प्रधानाचार्यों ने बताया कि इंटरमीडिएट में अर्थशास्त्र, चित्रकला और शिक्षाशास्त्र तथा हाईस्कूल में कंप्यूटर विषय के प्रश्नपत्र नहीं दिए गए। इससे परीक्षा आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
माध्यमिक शिक्षक संगठनों का कहना है कि समय सारिणी के अनुसार जनवरी के तीसरे सप्ताह में परीक्षाएं होनी थीं, लेकिन अब 10वीं-12वीं की अलग परीक्षा से शिक्षण कार्य प्रभावित होगा। विभाग को सभी कक्षाओं की परीक्षा एक साथ करानी चाहिए थी।