झोपड़ी में ली आग से जला गृहस्थी का सामान।
मोहनलालगंज। पचौरी गांव में मंगलवार सुबह फेरी दुकानदार की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। इसकी चपेट में आकर गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। समय रहते परिवार के सभी सदस्य झोपड़ी से बाहर आ गए, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
पचौरी गांव के सूरज गांव-गांव फेरी लगाकर रेडीमेड कपड़े बेचते हैं। सूरज के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पांच बजे वह पिता बेचालाल, मां विशुनदेई और बहन पूनम के साथ टिनशेड की झोपड़ी में सो रहे थे। अचानक वहां आग लग गई। परिवार के लोग शोर मचाते हुए बाहर निकल आए। आसपास के ग्रामीणों की मदद से बाल्टी और सबमर्सिबल पंप के जरिये पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। टिनशेड के नीचे रखा रेडीमेड कपड़े, अनाज और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। ग्राम प्रधान नीता यादव की सूचना पर पहुंचे लेखपाल ने नुकसान का आकलन कर तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी है। सूरज ने आग की घटना में साजिश की आशंका जताई है।
एसडीएम पवन पटेल ने बताया कि घटना में गृहस्थी का सामान जलने से आर्थिक नुकसान हुआ है। लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार की यथासंभव सहायता की जाएगी। हुलास खेड़ा चौकी इंचार्ज अनूप सिंह के मुताबिक आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है। दुकानदार ने तहरीर नहीं दी है।
झोपड़ी में ली आग से जला गृहस्थी का सामान।
झोपड़ी में ली आग से जला गृहस्थी का सामान।