केंद्र सरकार ने बुंदेलखंड के विकास के लिए 691.50 करोड़ रुपये के विशेष आर्थिक पैकेज को मंजूरी दे दी है।
इससे बुंदेलखंड के सातों जिलों में विशिष्ट मंडी स्थल व ग्रामीण अवस्थापना केंद्रों का निर्माण होगा। पैकेज के कार्यों को कराने की जिम्मेदारी मंडी परिषद को दी गई है।
सरकारी प्रवक्ता ने यहां बताया कि बुंदेलखंड के लिए स्वीकृत विशेष पैकेज में 433.94 करोड़ रुपये निर्माणाधीन परियोजनाओं के लिए हैं।
इसमें 66 करोड़ रुपये की परियोजना ललितपुर में, 55.66 करोड़ रुपये की बांदा में, 58.40 करोड़ की हमीरपुर में, 62.86 करोड़ की जालौन व 63.92 करोड़ रुपये की निर्माणाधीन परियोजनाएं झांसी में हैं।
इसके अलावा सभी सात जिलों में 1.45 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण अवस्थापना केंद्र बनेंगे। ऐसे 168 केंद्र बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 254.45 करोड़ रुपये की लागत से 133 और ग्रामीण अवस्थापना केंद्र बनेंगे।