रामनवमी पर भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रस्ट की सहमति के बाद प्रशासन ने निर्माणाधीन जन्मभूमि पथ भी भक्तों के लिए खोल दिया है। जन्मोत्सव पर बृहस्पतिवार को दर्शनार्थी रंगमहल बैरियर से परिसर में प्रवेश करेंगे, निकासी जन्मभूमि पथ की ओर की जाएगी। राममंदिर के ट्रस्टी डॉ.अनिल मिश्र ने बताया कि नगर निगम द्वारा दर्शन मार्ग पर शौचालय व पेयजल की भी व्यवस्था कर दी है। दर्शन मार्ग पर तीर्थ क्षेत्र की ओर से निशुल्क लॉकर व व्हीलचेयर की व्यवस्था अलग से की गई है। बताया कि बिना टोकन कोई व्हीलचेयर दर्शन मार्ग पर नहीं जा सकेगी। श्रद्धालु निजी क्षेत्र के लोगों से व्हीलचेयर ले रहे हैं, जिसके लिए उन्हें पैसे देने पड़ते हैं, ट्रस्ट कोई भी शुल्क नहीं लेता है।
घर बैठे जन्मोत्सव के साक्षी बन सकेंगे भक्त
रामजन्मोत्सव का लाइव प्रसारण एएनआई व दूरदर्शन द्वारा रामलला के दरबार व कनकभवन से पूर्वाह्न 11 बजे से किया जाएगा। ऐसे में जो भक्त बृहस्पतिवार को रामजन्मभूमि व कनकभवन नहीं पहुंच सकते उन्हें घर बैठे अपने आराध्य के जन्मोत्सव का साक्षी बनने का अवसर प्राप्त होगा। यही नहीं दशरथ महल, रामबल्लभाकुंज, मणिरामदास की छावनी, जानकीघाट बड़ा स्थान आदि द्वारा एलईडी लगाकर भक्तों को जन्मोत्सव का लाइव दिखाया जाएगा। इसके अलावा मेलाक्षेत्र में आठ स्थानों पर एलईडी पर भी लाइव प्रसारण की व्यवस्था रहेगी।
श्रीरामअस्पताल में एक वार्ड आरक्षित
रामनवमी मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क है। श्रीराम अस्पताल में एक आपदा प्रबंधन टीम का गठन किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी वाईपी सिंह ने बताया कि आपदा प्रबंधन टीम में छह चिकित्सक, 20 पैरामेडिकल स्टॉफ तैनात किए गए हैं। इन्हें 24 घंटे ऑनकॉल रहने को कहा गया है। अस्पताल में 15 बेड का पुराने मेडिकल वार्ड आरक्षित किया गया है। ऑक्सीजन सिलेंडर, दवाएं, एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।