लखनऊ के कूड़ाघर जल्द स्मार्ट होंगे। इसके लिए खुले कूड़ाघर बंद कर पोर्टेबल काम्पैक्टर और स्मार्ट डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। यहां सेंसर के साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, ताकि पता चल सके कि कूड़ाघर खाली है या भरा। कूड़ा इसके बाहर तो नहीं फैला है। वहां कर्मचारी हैं कि नहीं।
साथ ही अब वे कर्मचारी नहीं बच सकेंगे, जो कॉम्पैक्टर या डस्टबिन खाली करने में लापरवाही करते हैं या इसके बाहर कूड़ा डालकर भाग जाते थे। इन पर सख्ती के लिए तीन करोड़ रुपये खर्च कर काम्पैक्टरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
नगर निगम अब शहर मेें खुले कूड़ाघरों को बंद कर वहां पोर्टेबल काम्पैक्टर लगा रहा है।
100 से अधिक काम्पैक्टर लगाने की योजना है, जिसमें से आधे लग भी गए हैं। इसके साथ कई इलाकों में सेंसर वाले स्मार्ट डस्टबिन भी लगाए जाएंगे। इसकी भी तैयारी स्मार्ट सिटी योजना में की गई है। वहीं, काम्पैक्टरों की बेहतर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है इस महीने के अंत में यह पूरी भी हो जाएगी।