आरओ-एसआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2016 के परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही। अभी पेपर लीक विवाद में सीबीसीआईडी मामले की जांच कर रही है।
अब सीबीआई उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की भर्ती परीक्षाओं की जांच शुरू करने जा रही है। आयोग की जिन भर्ती परीक्षाओं में धांधली के आरोप लगते रहे हैं, उनमें आरओ-एआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2016 भी शामिल है।
आरओ-एआरओ प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 27 नवंबर 2016 को किया गया था, जिसमें दो लाख 32 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। 361 पदों के लिए दो पालियों में परीक्षा हुई थी।
पहली पाली में सामान्य अध्ययन और दूसरी पाली में हिंदी का पेपर आया था। पहला पेपर व्हाट्सएप पर वायरल हो गया था। बाद में दूसरे पेपर के आउट होने के साक्ष्य भी सामने आए थे।