लखनऊ। नगराम के डोभिया गांव में शुक्रवार देर रात बुजुर्ग से बाइक टकराने के बाद युवक अंकित (20) की पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए परिवारीजनों ने रविवार को उसका अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। अंकित के पिता की तहरीर पर नगराम पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। इसके बाद रविवार देर शाम परिवारीजनों ने अंकित का अंतिम संस्कार किया।
इस मामले में नगराम पुलिस ने अंकित के पिता राजेश निवासी दीवानगंज की तहरीर पर हादसे में सोनू की मौत होने की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस का कहना था कि बाइक पलटने से घायल होने से सोनू की मौत हुई है। राजेश ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने दबाव बनाकर उनसे तहरीर बदलवा दी, जबकि हमलावरों ने अंकित के साथ मौजूद सोनू को भी पीटा था जो वारदात का प्रत्यक्षदर्शी है।
रविवार को अंकित के पोस्टमार्टम के बाद परिवारीजन शव लेकर दीवानगंज पहुंचे लेकिन अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। कहा कि जब तक नगराम पुलिस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट नहीं दर्ज करेगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिवारीजन मुआवजे की भी मांग कर रहे थे। मोहनलालगंज इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र व चौकी इंचार्ज राजेंद्र प्रसाद यादव ने परिवारीजनों को समझाने के साथ ही नगराम इंस्पेक्टर से बात की। फिर अंकित के परिवारीजन तहरीर लेकर नगराम थाने गए जहां उनकी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
नगराम इंस्पेक्टर मोहम्मद शमीम खान ने बताया कि अंकित के पिता राजेश की तहरीर पर डोभिया गांव निवासी अशोक, संदीप, अजय व महेंद्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या व एससी/एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि बाइक की टक्कर से दंपती घायल हुए थे। निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। यदि वे तहरीर देंगे तो उनकी भी रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।