लखनऊ। डीपी एसोसिएट के नाम से कार बाजार संचालित करने वाली दंपती अजीत पाठक व रिया पाठक निवासी खरगापुर स्थित विरासत पैलेस पर व्यापारी अविनाश मणि त्रिपाठी ने 49.65 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने डीसीपी पूर्वी संजीव सुमन से गुहार लगाई। उनके आदेश पर गोमतीनगर विस्तार थाने में केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
गोमतीनगर विस्तार के खरगापुर कौशलपुरी कालोनी में अविनाश मणि त्रिपाठी परिवार सहित रहते हैं। अविनाश के मुताबिक खरगापुर स्थित विरासत पैलेस निवासी अजीत पाठक व उनकी पत्नी रिया पाठक मलेसेमऊ में डीपी एसोसिएट के नाम से कार बाजार संचालित करते हैं। जून 2020 में दंपति ने गाड़ियों के व्यापार के लिए उधार मांगा था। परिचित होने के कारण अविनाश ने हामी भर दी। जून से मार्च के बीच में अविनाश ने नकद और खाते में 49.65 लाख रुपये दंपति को दिये। समय बीत जाने के बाद भी दंपति ने रुपये वापस नहीं किये। जब रकम वापस मांगी तो दंपति ने टालमटोल शुरू किया। इसके बाद सितंबर महीने में दबाव बनाया तो मलेशेमऊ स्थित कार्यालय बुलाया। जहां मारपीट करने लगे। आरोप है कि जालसाज दंपति फर्जी एसोसिएट बनाकर फर्जीवाड़ा करता है।
एक सप्ताह पहले पीड़ित ने डीसीपी पूर्वी संजीव सुमन से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। जिसकी जांच करने के बाद गोमतीनगर विस्तार थाने में दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर विस्तार राजेश द्विवेदी के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।