दिल की सर्जरी करने के बाद डॉक्टर ने पेसमेकर लगाया, लेकिन उसके वायर जोड़ना भूल गए। ऑपरेशन के अगले दिन जब मरीज की जांच हुई तो सच सामने आया। आननफानन डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन किया और पेसमेकर का तार जोड़ा।
चौंकाने वाला यह मामला कोई छोटे-मोटे या निजी अस्पताल का नहीं, बल्कि प्रदेश के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान केजीएमयू के लॉरी कार्डियोलॉजी का है। सच सामने आने पर गलती मानने के बजाय डॉक्टरों ने इसे सामान्य प्रक्रिया बताया।
दरअसल पद्मश्री अनवर जलालपुरी के बेटे शाहयार जलालपुरी को हृदय संबंधी परेशानी होने पर बीते शुक्रवार को लॉरी कार्डियोलॉजी में भर्ती कराया गया था।
जांच में पता चला कि उनके दिल में ब्लॉकेज है, इस वजह से धड़कन सामान्य नहीं थी। डॉक्टर शरद चंद्रा की टीम ने मरीज को करीब 1.81 लाख रुपये का पेसमेकर मंगवाकर लगवाया।