लखनऊ। अलीगंज के शिवलोक स्थित शांति वाटिका गेस्ट हाउस के केयरटेकर का शव बुधवार को कमरे में पड़ा मिला। कमरे में रखी अंगीठी में कोयला सुलग रहा था। आशंका जताई जा रही है कि सोते समय धुएं में दम घुटने से केयरटेकर की मौत हुई है।
बाराबंकी के सतरिख थाना क्षेत्र के सराय सिकंदर गांव निवासी अनेश कुमार (27) यहां अलीगंज थाना क्षेत्र के शिवलोक स्थित शांति वाटिका लॉन एवं गेस्ट हाउस के केयरटेकर थे। बुधवार सुबह अनेश काफी देर तक सोकर नहीं उठे तो कर्मचारियों ने दरवाजे पर दस्तक दी। काफी देर तक जवाब न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया तो भीतर अनेश औंधे मुंह बिस्तर पर पड़े मिले। कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही अनेश को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अलीगंज इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जिस कमरे में अनेश मृत मिले हैं, उसमें कोयले की अंगीठी जलती मिली है। कमरा बंद था और वेंटिलेशन भी नहीं था। ऐसे में आशंका है कि कोयला जलने से धुएं में दम घुटने से अनेश की जान गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि अनेश के परिवारीजनों को सूचना देने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उपनिरीक्षक दयाशंकर सिंह को विवेचना सौंपी गई है। मामले में छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।
भाई ने जताई हत्या की आशंका
लखनऊ। अनेश चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था। उसके पिता रामलखन व मां की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। अनेश के भाई विजय ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए मामले में छानबीन की मांग की है। विजय ने बताया कि मंगलवार रात नौ बजे अनेश से फोन पर बात हुई थी। वह बिल्कुल सामान्य था। ऐसे में अचानक अनेश की मौत की जांच होनी चाहिए।