पॉलीटेक्निक संस्थानों में दाखिला ले चुके नए विद्यार्थियों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्थानों को विद्यार्थियों का नामांकन हर हाल में 29 नवंबर रात 12 बजे तक करना होगा। इसके बाद अगर नामांकन फॉर्म भरा गया तो वह मान्य नहीं होगा।
संस्थानों को विद्यार्थियों का नामांकन प्राविधिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट www.bteup.ac.in पर करना है। वह अपने लॉगिन के जरिए नए विद्यार्थियों का नामांकन फॉर्म भरेंगे। इस सत्र में दाखिला लिए विद्यार्थियों का ही नामांकन स्वीकार किया जाएगा। दाखिला भी काउंसिलिंग के माध्यम से ही होना चाहिए। क्योंकि काउंसिलिंग के डाटा से वेरिफिकेशन किया जाएगा।
प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव सुनील कुमार सोनकर ने बताया कि नामांकन के लिए परिषद की वेबसाइट खोल दी गई है। संस्थाओं को लिंक उपलब्ध करा दिया गया है। वहीं, संयुक्त प्रवेश परीक्षा के प्रभारी सचिव राम रतन ने बताया कि काउंसिलिंग का सारा डाटा परिषद के पास है। वहां से विद्यार्थियों का वेरिफिकेशन हो जाएगा।
25 तक विद्यार्थियों को करनी है अपनी संस्था में रिपोर्टिंग
दाखिले के लिए विशेष 10वें चरण की काउंसिलिंग का अलॉटमेंट परिणाम जारी कर दिया गया है। इसमें 5,033 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 3,741 विद्यार्थियों को सीट अलॉटमेंट किया गया है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के प्रभारी सचिव राम रतन ने बताया कि 25 नवंबर तक छात्रों को अलॉट किए गए संस्थान में जाकर वेरिफिकेशन कराना है और ऑनलाइन फीस जमा करनी है।