लखनऊ विश्वविद्यालय में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई कर्मयोगी योजना का लाभ अब तीन लाख रुपये सालाना पारिवारिक आय वाले विद्यार्थी भी उठा सकेंगे। लविवि ने कर्मयोगी योजना का आवेदन फॉर्म जारी कर दिया है। इस साल योजना में कई बड़े बदलाव हुए हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 30 जनवरी तय की गई है। विद्यार्थी इसके लिए अधिष्ठाता छात्र कल्याण के पास ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
लविवि में पिछले साल तक आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की सहायता के लिए ‘पुअर बॉयज फंड’ के नाम से योजना चलती थी। इस साल इसे नए नाम और नई शर्ट के साथ संचालित किया जा रहा है। अभी तक इसमें विद्यार्थियों को पांच हजार रुपये सालाना की सहायता दी जाती थी। इसके लिए एक लाख रुपये सालाना पारिवारिक आय तक वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते थे। इस साल इसमें सबसे बड़ा बदलाव यह है कि इस योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को काम भी करना होगा।
योजना की धनराशि पांच हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये कर दी गई है। इसके साथ ही पात्रता के लिए पारिवारिक आय की सीमा भी एक लाख से बढ़ाकर तीन लाख रुपये कर दी गई है। योजना का लाभ लेने के लिए न्यूनतम 60 फीसदी अंक और 75 फीसदी उपस्थिति जरूरी है। योजना के लिए लविवि ने ये नियम बनाया है कि एक छात्र को दिन में दो घंटे व साल में अधिकतम 50 दिन काम करने का मौका मिलेगा। इसके लिए प्रति घंटे 150 रुपये विवि प्रशासन देगा।
इस तरह से विद्यार्थी को अधिकतम 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसमें इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि विद्यार्थियों को उनके कोर्स से संबंधित विभाग में ही काम करने का मौका मिले। मसलन, लाइब्रेरी साइंस के विद्यार्थी को पुस्तकालय, सिविल इंजीनियरिंग के छात्र को वर्क्स विभाग में, कॉमर्स के छात्र को अकाउंट विभाग, कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थी को कंप्यूटर सेंटर पर काम दिया जाएगा।