हाल ही में अंतरराष्ट्रीय एससीआई मैगो इंस्टीट्यूशंस रैंकिंग में बेहतर स्थान प्राप्त करने के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय ने बेहतर प्रदर्शन के दम पर अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग एजेंसी edurank.org द्वारा जारी रैंकिंग में यूपी के राज्य विश्वविद्यालयों में सबसे बेहतर स्थान पाया है। साथ ही देश भर के विश्वविद्यालयों में 58वीं रैंक हासिल की है।
रैंकिंग में राष्ट्रीय स्तर पर लखनऊ विश्वविद्यालय से ऊपर जो 57 विश्वविद्यालय व संस्थान हैं उनमें ज्यादातर आईआईटी, तकनीकी विश्वविद्यालय/संस्थान या इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस शामिल हैं।
लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के बीच स्थान बनाने पर हर्ष जताया है। विवि प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव ने कहा कि हाल के दिनों में विश्वविद्यालय द्वारा शोध के क्षेत्र में किए गए बेहतर कार्य, नेशनल एजुकेशन पॉलिसी के क्षेत्र में, क्वालिटी ऑफ एजुकेशन, बेहतर सुविधाएं देने व व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए जो प्रयास किए गए हैं। यह उसका प्रतिफल है और विश्वविद्यालय प्रशासन आगे भी इसे जारी रखने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि रैंकिंग एजेंसी के रिकॉर्ड के अनुसार लखनऊ विश्वविद्यालय को दुनिया के शीर्ष 25% विश्वविद्यालयों में जगह मिली है। उत्तरप्रदेश से बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी, आईआईटी बीएचयू, एमएनआईटी इलाहाबाद, आईआईटी कानपुर व एमिटी नोएडा को भी इस रैंकिंग में स्थान प्राप्त हुआ है। बीएचयू एवं एएमयू केंद्रीय विश्वविद्यालय हैं, जबकि आईआईटी बीएचयू, आईआईटी कानपुर एवं एमएनआईटी इलाहाबाद तकनीकी संस्थान है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय को एशिया के समस्त संस्थानों में 1008वें स्थान पर रखा गया है। edurank.org द्वारा जारी रैंकिंग में दुनिया भर के 14178 विश्वविद्यालय शामिल रहे हैं, जो उत्तरी अमेरिका, यूरोप, एशिया लैटिन अमेरिका, अफ्रीका, जापान, मैक्सिको, ओसियाना क्षेत्रों के हैं।