एसईई की काउंसलिंग पर एकेटीयू प्रशासन की बैठक में निजी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने दाखिले के लिए सरकारी व प्राइवेट कॉलेजों में अलग-अलग काउंसलिंग पर जोर दिया है।
इसके साथ ही, उन्होंने निजी कॉलेजों की रिक्त सीटों पर पूर्व की भांति मेरिट से प्रवेश के नियम को बहाल करने की भी मांग की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन पर सुझाव लेने के लिए एक कमेटी बनाई है।
मंगलवार को विश्वविद्यालय के तिलक हाल में आहूत बैठक में कॉलेज प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकारी संस्थानों की काउंसलिंग वर्ष-2016 की भांति कई चरणों में और निजी कॉलेजों की काउंसलिंग एक चरण में करवाई जानी चाहिए।
फिर, बची सीटों पर मेरिट निर्धारण कर प्रवेश लेने की छूट देनी चाहिए। बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा इसी मुद्दे पर हुई। कहा गया कि इन सीटों पर प्रवेश के लिए किसी भी राज्य की प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण होने की बाध्यता से राहत देना जरूरी है।