लखनऊ। दुबग्गा में एक मकान मालिक ने किरायेदार युवती के बाथरूम में कैमरा लगा दिया। इसके बाद उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। दुबग्गा पुलिस ने छेड़छाड़ और धमकाने की धारा में एफआईआर की है।
पीड़िता के मुताबिक 24 जून को अचानक उसकी नजर बाथरूम में लगे कैमरे पर पड़ी। वह उसे डिस्कनेक्ट करने लगी तो मकान मालिक को इसका पता चल गया। वह आकर माफी मांगने लगा। शिकायत करने पर उसने दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती ने किसी तरह खुद को कमरे में बंद कर लिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने किसी से शिकायत करने पर उसकी बहन से दुष्कर्म व मां की हत्या करने की धमकी दी। इससे वह घबरा गई। आए दिन मिलने वाली धमकी से परेशान होकर पीड़िता ने सोमवार को दुबग्गा थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है।