सीतापुर ट्रिपल मर्डर मामले में दाल व्यापारी सुनील जाय सवाल की बेटियों ने गुरुवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात की। बेटियों ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर अपना दर्द मुख्यमंत्री को सुनाया।
करीब 15 मिनट की मुलाकात के दौरान बेटियों ने सीतापुर की पुलिस की कार्रवाई को लेकर असंतोष जताया। हालांकि बेटियों ने मुलाकात के बाद मीडिया से दूरी बनाए रखी। ट्रिपल मर्डर मामले में सीतापुर पुलिस ने 20 जून को शरीफ नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजते हुए खुलासे के दावा किया था।
जिसके बाद से दाल व्यवसायी की बेटियों ऋचा व सोनम ने खुलासे को झूठा करार दिया था और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर शिकायत की बात कही थी। बेटियों ने पुलिस द्वारा किए गए खुलासे को झूठा बताया था।
इस मामले में कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी 21 जून को जब बेटियों से मिलने उनके घर पहुंची तब बेटियों ने एक बार फिर मुख्यमंत्री से मिलाने का वादा कैबिनेट मंत्री को याद दिलाया।