धर्म पूछकर दबंगों ने युवक को पीटा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। गुडंबा में तीन लोगों ने रविवार को एक युवक से उसका धर्म पूछकर पिटाई कर दी। इसमें युवक बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके मुख्य आरोपी को गिरफ्तार
कर लिया।
पीड़ित युवक के मुताबिक 27 अप्रैल को दोपहर एक बजे वह कुछ काम से घर से निकला था। रास्ते में ठोकर लगने पर चप्पल टूट गई। वह चप्पल बदलने अपने दोस्त के घर चला गया। कुछ देर बाद वहां से निकला और यूनिटी सिटी चौराहे होते हुए अभिनव गर्ल्स कॉलेज जाने की ओर जाने लगा। इस बीच मोटर मैकेनिक चांद ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने बेवजह युवक की चप्पल को अपनी बताते हुए उतारने के लिए कहा। विरोध पर आरोपी और उसके दो दोस्त पीड़ित को खींचकर दुकान के अंदर ले गए।
पैंट उतरवाई, किया शर्मसार
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जबरन उसकी पैंट उतरवा दी और उसका धर्म पूछा। मना करने पर उन्हें बुरी तरह से डंडों से पीटा। किसी तरह युवक आरोपियों के चंगुल से भाग निकला और पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी चांद व उसके दो साथियों पर मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। चांद को जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में फुटेज खंगाली जा रही हैं।