लखनऊ। जानकीपुरम स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग ऑफ टेक्नोलॉजी (आईईटी) में शुक्रवार सुबह बीटेक के छात्र आकाश दत्त सिंह (22) का शव हॉस्टल के कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। सूचना पाकर देर शाम परिजन मऊ से लखनऊ पहुंचे। पुलिस हार्ट अटैक से मौत की आशंका जता रही है। तफ्तीश जारी है।
एडीसीपी नॉर्थ अमोल मुरकुट के अनुसार मूल रूप से मऊ के छिछोरे करोड़ी निवासी आकाश केमिकल इंजीनियरिंग के चतुर्थ वर्ष के छात्र थे। शुक्रवार सुबह परिजनों ने उनके साथियों को फोन कर बताया कि आकाश फोन नहीं उठा रहे हैं। साथी छात्र व कॉलेज का स्टाफ पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा खटखटाने पर जवाब नहीं मिला।
बढ़ई की मदद से दरवाजा खोला गया तो आकाश बेड के पास फर्श पर मृत पड़े मिले। जानकीपुरम पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आकाश के परिजनों को सूचना दी। एडीसीपी ने बताया कि छात्र के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह पता चलेगी।
पुलिस ने आकाश के मोबाइल फोन व लैपटॉप को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। आईईटी के निदेशक विनीत कंसल का कहना है कि आकाश होनहार छात्र था। उसे खोने का दर्द सभी को है।
दो दिन पहले घर से लौटे थे आकाश
कॉलेज प्रशासन और साथियों के मुताबिक आकाश छुट्टी के बाद 29 अक्तूबर की रात हॉस्टल लौटे थे। बृहस्पतिवार को वह न तो कक्षा में गए और न ही खाना खाने पहुंचे। सहपाठी भी आकाश की मौत से हैरान हैं। आकाश के परिवार में पिता अंजनी कुमार, मां, भाई व बहन हैं। अंजनी कुमार बीएचयू में प्रोफेसर हैं।