भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने नेक्स्ट जेनरेशन नेटवर्क (एनजीएन) के जरिये बेसिक फोन पर वैल्यू एडेड सेवाएं शुरू कर दी हैं। अब बेसिक फोन उपभोक्ता क्लोज यूजर ग्रुप (सीयूजी) बना सकेंगे और ऑडियो-वीडियो ग्रुप कॉन्फ्रेंसिंग कर सकेंगे।
इतना ही नहीं उपभोक्ताओं को प्रीपेड फिक्सड सेवा और फिक्स फोन पर कॉल डायवर्ट करने कर भी सुविधा मिलेगी। विदेश यात्रा के दौरान भी उपभोक्ता इसका सस्ती दर पर फायदा उठा सकेंगे।
पूर्वी सर्किल के एजीएम सेल्स एंड मार्केटिंग एके मिश्रा ने बुधवार को बताया पहले चरण में 12 हजार बेसिक फोन लाइनों को आईएमएस (आईपी मल्टीमीडिया स्विच) तकनीक से जोड़ा गया है।
बेसिक फोन पर मल्टीमीडिया युक्त वैल्यू एडेड सर्विस की टेस्टिंग दुरुस्त पाए जाने के बाद ही बीएसएनएल प्रशासन ने मंगलवार से एनजीएन सेवा शुरू की। एजीएम मिश्रा ने बताया कि नई तकनीक के प्रयोग में आने के बाद कोर उपकरणों से युक्त बेसिक फोन उपभोक्ताओं को अब इंटरनेट प्रोटोकॉल पर आधारित सेवाओं के साथ ही वैल्यू एडेड सेवा का लाभ भी मिलेगा।
फिलहाल यह सेवा कैसरबाग एक्सचेंज से जुड़ी 6 हजार, राजाजीपुरम की 3 हजार, जॉपलिंग रोड की 2 हजार और बालागंज एक्सचेंज के एक हजार बेसिक फोन कनेक्शन लाइनों मिलेगी। दूसरे चरण में अन्य एक्सचेंजों से भी यह सेवा शुरू होगी। इसके लिए आठ कोर स्विच स्थापित किए जाएंगे।