युवक की हत्या के बाद मौके पर मौजूद परिवारीजन, ग्रामीण व पुलिस।
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। भेंसरी गांव निवासी एक युवक गांव के ही नहर पुल के निकट होटल चलाते थे। इनकी बृहस्पतिवार रात चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। इनका शव गांव के बगल स्थित आम के बाग में मिला। इस दौरान बगल में चाकू भी पड़ा था। मौके पर पहुंची हरदत्त नगर गिरंट पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के भेसरी गांव निवासी राजा बाबू यादव (25) गांव के पास जमुनहा बहराइच मार्ग स्थित सरयू नहर के भेंसरी पुल के बगल चाय समोसे की दुकान कर रहे थे। बृहस्पतिवार शाम राजा बाबू बगल में पान की दुकान कर रहे पंकज की बाइक लेकर फोन पर बात करते हुए कहीं गए से। जहां से वापस घर नहीं लौटे।
देर रात घर न पहुंचने पर पिता तेजराम उर्फ भुजऊ ने फोन किया तो घंटी बजती रही लेकिन फोन नहीं उठा। दोबारा फोन करने पर फोन सोनवा थाना क्षेत्र के खुरहुरी मोड़ स्थित एक मूंगफली विक्रेता ने उठाया। इसने बताया कि उसे यह मोबाइल सोनवा स्टोर चौराहे पर पड़ा मिला है। इसके बाद तेजराम रात में ही मोबाइल लेकर घर लौट आया। जहां सभी ने राजा बाबू की तलाश शुरू कर दी।
शुक्रवार भोर गांव के ही कुछ लोग नित्यक्रिया के लिए खेत जा रहे थे। इन्होंने राजा बाबू का शव बाग में खून से लथपथ पड़ा दिखा। पास ही एक चाकू भी पड़ा था। इसकी सूचना परिजनों को दिया। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की पहचान करने के साथ ही स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। एसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि मृतक के पिता ने पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका जताते हुए आठ नामजद व पांच अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।