लखनऊ। गलत दिशा से बिना हेलमेट फर्राटा भर रहे भाई-बहन की बाइक का चालान कट गया। इससे चिढ़कर दोनों ने ट्रैफिक सिपाही से मारपीट की। कृष्णानगर पुलिस ने केस दर्ज कर आशियाना के तिकोना पार्क निवासी साहिल उर्फ निक्कू व उसकी बहन छोटी को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक, कृष्णानगर में शनिवार को वल्दीखेड़ा मोड़ पर ट्रैफिक सिपाही सत्य प्रकाश सिंह ड्यूटी कर रहे थे। शाम करीब पांच बजे गलत दिशा से बाइक से युवक व युवती आते दिखे। हेलमेट न पहने होने पर उन्होंने बाइक रुकवा ली। कागजात मांगने पर दोनों गाली-गलौज करने लगे। चालान काटने पर मारपीट की और भाग निकले।