लखनऊ। कृष्णानगर थानाक्षेत्र के कानपुर रोड स्थित घई गेस्ट हाउस का हॉल बंद कर अदर ब्राइट फ्यूचर कंपनी लि. का कार्यक्रम चल रहा था। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कंपनी के करीब 250 अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। सूचना मिलने पर कृष्णानगर पुलिस ने कार्यक्रम को बंद करा आयोजकों व कंपनी के खिलाफ महामारी अधिनियम व धारा 144 का उल्लंघन करने का मुकदमा दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर आलोक कुमार राय के मुताबिक, रविवार शाम दरोगा रवींद्र सिंह भदौरिया, हेड कांस्टेबल चंद्रपाल और सिपाही शिवानंद गश्त कर रहे थे। इस बीच उन्हें घई गेस्ट हाउस में कार्यक्रम के आयोजन और मानक से अधिक लोगों के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो गेस्ट हाउस का हॉल अंदर से बंद था। उसे खुलवाया गया। हॉल में 250 से अधिक लोग थे। कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन हो रहा था। कई ने मास्क भी नहीं लगा रखा था। जानकारी करने पर पता चला कि कार्यक्रम का आयोजन ब्राइट फ्यूचर कंपनी लिमिटेड के रोशन कुमार, सैयद चंचल हुसैन द्वारा कराया जा रहा है। मना करने पर कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की। इस पर पुलिस बल थाने से बुलवाकर उन्हें शांत कराया गया। यह लोग हेल्थ संबंधी प्रोडक्ट पर चर्चा कर रहे थे। हॉल में शारीरिक दूरी का भी ध्यान नहीं रखा गया था। आयोजकों और कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मौके से भीड़ को हटाया गया।
नाइट कर्फ्यू में खुला मिला डिपार्टमेंटल स्टोर
गोमतीनगर थाने में तैनात महिला दरोगा वंदना पांडेय शनिवार की रात नाइट कर्फ्यू के चलते गश्त करते हुए विशालखंड-1 पहुंची तो देखा कि रात दस बजे के बाद भी एक डिपार्टमेंट स्टोर खुला है। वहां लोगों की भीड़ जमा है। पुलिस के पहुंचते ही लोग इधर-उधर हो लिए। दुकान पर एक महिला सुषमा, राकेश और कुनाल सिंह मौजूद थे। पुलिस ने जब तीनों से नाईट कर्फ्यू के उल्लंघन को लेकर सवाल किए तो वे कोई जवाब नहीं दे सके। इस पर पुलिस ने डिपार्टमेंटल स्टोर को बंद कराया। महिला दरोगा ने तीनों के खिलाफ गोमतीनगर थाने में केस दर्ज कराया।
शराब पीकर घूमने वाला गिरफ्तार
विभूतिखंड थाने में तैनात दरोगा उदयराज निषाद ने तखवा चौराहे के पास से रविवार रात को गश्त के दौरान शराब पीकर घूम रहे नंदकिशोर को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है।