लखनऊ के लिए देखा मेरा सपना आज पूरा हो रहा है
इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज का दिन हमारे शहर लखनऊ, हमारे राज्य उत्तर प्रदेश और हमारे पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। आज का दिन उस शक्ति की आराधना का दिन है, जो हमारी सेनाओं को संबल प्रदान करती है, जो हमारी सेनाओं में निहित होकर दुश्मन पर कहर बरपाती है। आज का दिन मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से महत्वपूर्ण है। क्योंकि मैंने अपने शहर लखनऊ के लिए एक सपना देखा था। कि, मेरा शहर, भारत के रक्षा क्षेत्र को मजबूत करने में एक बड़ा योगदान दे। वह सपना अब पूरा हो रहा है।
पोखरण में परमाणु परीक्षण करके दुनिया को भारत की ताकत दिखाई
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि ब्रह्मोस एकीकरण और परीक्षण सुविधा का उद्घाटन इसलिए भी महत्व रखता है, क्योंकि आज का दिन बड़ा खास है। आज राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस है। आज ही के दिन 1998 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हमारे वैज्ञानिकों ने पोखरण में परमाणु परीक्षण करके दुनिया को भारत की ताकत दिखाई थी। वह परीक्षण हमारे वैज्ञानिक, इंजीनियर्स, रक्षा कार्मिक और कई अन्य हितधारकों के अथक प्रयासों का परिणाम था।
लखनऊ में विध्वंसक मिसाइल ब्रह्मोस की यूनिट का शुभारंभ
- फोटो : YT वीडियो ग्रैब
चंद्रयान मिशन और लड़ाकू विमानों में होगा उपयोग
समारोह में सीएम योगी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टाइटेनियम एंड सुपर एलॉय मैटेरियल्स प्लांट (स्ट्रैटेजिक मैटेरियल्स टेक्नोलॉजी कॉम्प्लेक्स) का भी उद्घाटन किया। यह प्लांट एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर के लिए उच्च गुणवत्ता वाली सामग्रियों का उत्पादन करेगा। इनका उपयोग चंद्रयान मिशन और लड़ाकू विमानों में किया जाएगा। साथ ही ब्रह्मोस एयरोस्पेस की इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी परियोजना का भी लोकार्पण हुआ। ये मिसाइलों के परीक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जानें ब्रह्मोस की खासियत
लखनऊ नोड पर स्थापित ब्रह्मोस प्रोडक्शन यूनिट 300 करोड़ रुपये से तैयार की गई है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 80 हेक्टेयर जमीन निशुल्क उपलब्ध कराई थी। इसका निर्माण मात्र साढ़े तीन वर्षों में पूरा हुआ। ब्रह्मोस मिसाइल भारत और रूस के संयुक्त उद्यम का परिणाम है। इसकी मारक क्षमता 290-400 किलोमीटर और गति मैक 2.8 (ध्वनि की गति से लगभग तीन गुना) है। यह मिसाइल जमीन, हवा, और समुद्र से लॉन्च की जा सकती है। यह 'फायर एंड फॉरगेट' सिद्धांत पर काम करती है। इससे यह दुश्मन के रडार से बचकर सटीक निशाना लगा सकती है।