गुडंबा। पांच दिन से लापता प्रॉपर्टी डीलर सैय्यद रफी (54) का शव मंगलवार सुबह घैला पुल के पास गोमती नदी में उतराता मिला। फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शव उतराता देख पुलिस को सूचना दी। मड़ियाव पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव निकलवाकर परिजनों को इसकी जानकारी दी।
मड़ियांव के केशवनगर बारी इंक्लेव निवासी रफी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। उनका कार्यालय प्रीतिनगर में था। भाई रजी के मुताबिक छह अगस्त की शाम करीब चार बजे सैय्यद रफी पत्नी अर्शी से बाल कटवाने की बात कहकर पैदल घर से निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। छह रात की रात मड़ियांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पत्नी अर्शी ने पोस्टमार्टम हाउस में कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की। परिजनों के मुताबिक, रफी करीब 18 वर्षों से माइग्रेन से परेशान थे। वह पत्नी और भाइयों से भी कुछ साझा नहीं करते थे। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने अभी कोई शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।