बुधवार की शाम को खेतों से काम करके घर लौट रहे किसानों और मजदूरों से भरी नाव बड़ी गंडक में पलट गई। नाव में तकरीबन 40 लोग सवार थे। इनमें से अधिकतर लोग तैरकर नदी से बाहर आ गए लेकिन 12 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
ये लोग जिले कुशीनगर की सीमा से सटे बगहां (बिहार) के नरयनापुर गांव के निवासी हैं। बगहां थानाक्षेत्र के नरयनापुर गांव के लोग रोज की तरह बड़ी गंडक नदी के उस पार सेमरा लबेदहां पंचायत के ओझवलिया रेता में खेती करने गए थे। शाम करीब 5.30 बजे गांव लौटने के लिए एक नाव में बैठने लगे।
बताया जा रहा है कि क्षमता से अधिक भार होने पर नाविक उन्हें रोकने लगा लेकिन घर जाने की जल्दी में सभी लोग दबाव बनाकर नाव पर सवार हो गए। बीच धारा में पहुंचते ही अचानक नाव असंतुलित हुई और पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शी जगलाल यादव ने बताया कि अधिकतर लोग तैरकर बाहर निकल आए लेकिन 12 लोगों का पता नहीं चल रहा है। नाव में कुछ बच्चे और महिलाएं भी थीं। हादसे से सदमे में आए लोगों को नदी से बाहर निकलने पर ओझवलिया गांव के लोग मदद पहुंचाने में जुट गए।
बगहां के एसडीएम मंजूर आलम ने बताया कि बचाव कार्य के लिए प्रशासन की टीम मौके पर भेजी है। रात और कोहरे की वजह से बचाव में दिक्कत आ रही है, कल सुबह से तेजी बढ़ेगी।