लखनऊ। अमित टंडन की बहू दिशा ने परिवार पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने पीएम व सीएम को पत्र भेजने के साथ ही रविवार शाम हजरतगंज महिला थाने में तहरीर भी दी। उन्होंने ससुर अमित टंडन के बड़े भाई व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन समेत पूरे परिवार पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। महिला थाने की इंस्पेक्टर दुर्गावती के मुताबिक दिशा वर्ष 2020 से पति आयुष से अलग रह रही हैं और दोनों के बीच तलाक का मुकदमा विचाराधीन है। मामले की जांच कराई जाएगी।
चौक के सोंधी टोला निवासी अमित टंडन के बेटे आयुष की पत्नी दिशा का पीएम के नाम पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। उनका आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही उन्हें घर से निकाल दिया गया। धमकी दी गई कि 50 लाख रुपये व फॉर्च्यूनर गाड़ी नहीं दी तो ससुराल में रह नहीं पाओगी। दिशा का कहना है कि उन्होंने चौक कोतवाली में तहरीर देने के साथ ही राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी से शिकायत की, मगर उन्हें सांत्वना देकर लौटा दिया गया। कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन ने आरोपों को झूठा व बेबुनियाद बताया है। वे बोले कि फिलहाल इस बारे में कुछ नहीं कहना है।
वीडियो भी हुआ वायरल
दिशा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह कह रही हैं- मंत्री द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है, जिसकी मैंने कई जगह शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उनके पद पर होने के कारण मेरी कहीं सुनवाई नहीं हुई। मैं मोदीजी व योगीजी से विनम्र निवेदन करती हूं कि मुझे न्याय मिले और इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो।