भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि 2022 में भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और 2017 से भी अधिक सीटें प्राप्त कर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उतना ही स्नेह करती है जितना 2014 में करती थी। आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए मोदी का नाम और संरक्षण ही पर्याप्त है।
बता दें कि एके शर्मा ने भाजपा उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को पत्र लिखकर धन्यवाद ज्ञापित किया है।
बता दें कि उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने के पहले तक अरविंद कुमार शर्मा को सरकार में शामिल किए जाने के कयास लगाए जा रहे थे। भाजपा हाईकमान ने भी संदेश दे दिया है कि 2022 का चुनावी समर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के ही नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
भाजपा हाईकमान ने शर्मा के जरिए संभवत: सरकार के बजाय संगठन की भूमिका को प्रभावी और चुनावी जरूरतों के लिहाज से सत्तारूढ़ दल में जरूरी प्रशासनिक क्षमताओं के विकास व विस्तार की रणनीति पर काम किया है। साथ ही जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं की आवश्यकताओं व अपेक्षाओं को पूरा कर असंतोष को कम करने के उपायों पर भी अमल का प्रयास किया है।
ध्यान देने की बात यह है कि शर्मा को संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी देने का फैसला भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष के तीन दिनी लखनऊ दौरे, मुख्यमंत्री की दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री संगठन के दिल्ली दौरे के बाद किया गया है। साफ है कि इस फैसले का न सिर्फ इन मुलाकातों के फीडबैक, बल्कि केंद्रीय गृहमंत्री की कुछ जिलों के कार्यकर्ताओं से बातचीत से मिली जानकारी से भी काफी गहरा रिश्ता है। एक तरह से भाजपा ने इन सारी कवायद से मिली जानकारी पर बनाई गई कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है।