समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा देश को बरबाद कर देगी। अच्छे दिनों की जो बात की जा रही थी उसकी अभी से हवा निकलने लगी है।
शिक्षक दिवस पर मोदी के कार्यक्रम को नाटकबाजी बताते हुए कहा गया कि भाजपा से लोगों का मोह भंग होने लगा है। उपचुनाव के नतीजों में पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।
शनिवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ठाकुरद्वारा के एसडीएच इंटर कालेज में सपा प्रत्याशी नवाब जान खां की चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने शुरूआत सपा सरकार द्वारा प्रदेश में कराए गए कार्यों की गिनती से की। कहा कि जितना विकास इन वर्षों में हुआ है वह कभी नहीं हुआ। हर गरीब की बात सुनी जा रही है। एक एक गांव संपर्क मार्ग से जुड़ा है।
रामगोपाल ने भाजपा पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है लेकिन केंद्र सरकार के पास कोई प्लानिंग ही नहीं है।
जनता से सवाल किया, क्या ऐसे ही अच्छे दिन आएंगे। उन्होंने कहा कि ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट पर ज्यादातर भाजपा और कांग्रेस का कब्जा रहा है। आज इस क्षेत्र की स्थिति किसी से छुपी नहीं है।
अगर यहां से सपा प्रत्याशी नवाब जान जीतते हैं तो इस इलाके की तस्वीर बदल जाएगी। इस क्षेत्र में सपा सरकार द्वारा कराए गए कार्य भी गिनाए गए।
यहां पशुधन मंत्री राजकिशोर सिंह, पंचायत राज्यमंत्री कमाल अख्तर, विधायक यूसुफ अंसारी, हाजी रिजवान अहमद, डीपी यादव, पूर्व मेयर एसटी हसन, जिलाध्यक्ष इकराम कुरैशी, राजकुमार यादव, मनमोहन सिंह सैनी और ओमीलाल वाल्मीकि समेत तमाम लोग रहे।