भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का वश चलता तो दंगों के आरोपी नाहिद हसन के साथ मुंबई ब्लास्ट के आतंकी याकूब मेमन को अपना प्रत्याशी और मुंबई में आतंकी हमले के अपराधी आतंकी आमिर अजमल कसाब को स्टार प्रचारक बनाते। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का यह कथन कि ‘पाकिस्तान भारत का दुश्मन नहीं’ बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और निराशाजनक है। सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में संबित पात्रा ने कहा कि पाकिस्तान से प्यार का इजहार करने वाले दुर्भाग्यूपर्ण बयान के लिए अखिलेश को देश से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संबित पात्रा ने कहा कि ‘जो जिन्ना से करे प्यार, वह पाकिस्तान से कैसे करे इंकार’। उन्होंने कहा कि जिन्ना का नाम लेते हुए अखिलेश यादव चुनावी मैदान में उतरे थे और अब वह पाकिस्तान तक पहुंच गए हैं। अखिलेश ने आतंकवादियों को छुड़वाने के लिए कोर्ट में गुहार लगाई थी। अब समझ में आ रहा है कि अखिलेश यादव पाकिस्तान को अपना असली दुश्मन क्यों नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि नाहिद हसन जैसे गुंडे बदमाशों को टिकट देने के बाद सपा अब उम्मीदवारों की सूची जारी करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश जानते हैं कि उम्मीदवारों के नाम जारी होते ही जनता उन पर टूट पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने यूपी की छवि बदलने में कामयाबी हासिल की है। सरकार ने प्रदेश में विकास को आधार बनाकर काम किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अभी तक तो केवल सारे ओपिनियन पोल ही बेकार लग रहे हैं, 10 मार्च के बाद उनको ईवीएम भी खराब लगेगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख भी मौजूद थे।