फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा का दबदबा : 300 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचित तय

Thu, 08 Jul 2021 10:34 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

बृहस्पतिवार को हुए नामांकन में 825 में से करीब 300 क्षेत्र पंचायतों में भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। पार्टी ने शुक्रवार को नामांकन वापसी तक इस आंकड़े को 350 के पार पहुंचाने की तैयारी की है।
विज्ञापन
ब्लॉक प्रमुख चुनाव 2021 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रदेश में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष (ब्लॉक प्रमुख) के चुनाव में भी भाजपा का दबदबा कायम रहा। बृहस्पतिवार को हुए नामांकन में 825 में से करीब 300 क्षेत्र पंचायतों में भाजपा के उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। पार्टी ने शुक्रवार को नामांकन वापसी तक इस आंकड़े को 350 के पार पहुंचाने की तैयारी की है। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित तमाम भाजपा विधायकों की पत्नी और बेटे-बेटियां भी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुए हैं।

विज्ञापन


ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सवेरे 11 बजे से नामांकन शुरू हुआ। भाजपा ने जहां अधिकांश जगह निर्विरोध निर्वाचन की मशक्कत की। वहीं सपा के उम्मीदवारों ने भी दमखम दिखाते हुए नामांकन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दोपहर 3 बजे तक 825 में से करीब सवा तीन सौ से अधिक क्षेत्र पंचायतों में एक-एक नामांकन दाखिल होने से निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख का निर्वाचन तय हो गया है। भाजपा के पंचायत चुनाव प्रभारी जेपीएस राठौर ने बताया कि प्रदेश में करीब तीन सौ क्षेत्र पंचायतों में पार्टी के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित होंगे।

उधर, भाजपा ने जिन क्षेत्र पंचायतों में पार्टी उम्मीदवार के सामने केवल एक ही प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार है, उनका नामांकन वापस कराने की मशक्कत भी शुरू की है। इसमें प्रभारी मंत्री और पार्टी के जिला प्रभारी स्थानीय विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ जुटे हैं कि शुक्रवार को नामांकन वापसी के बाद करीब 350 से 400 क्षेत्र पंचायतों में पार्टी के उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित करा लिया जाए।
विज्ञापन


भाजपा का परिवारवाद झलका
क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा का परिवारवाद साफ दिखाई दिया। पार्टी विधायकों से लेकर मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष तक के परिवारीजनों का निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित होना तय हो गया है। वहीं बहुत से विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के पत्नी, बेटे-बेटियां चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित के पुत्र दिलीप दीक्षित उन्नाव के हिलौली ब्लॉक से निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित होना तय है। सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा के बेटे अभिषेक वर्मा का भी बहराइच की मिहीपुरवा ब्लॉक से निर्विरोध निर्वाचन तय है। श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की पुत्रवधू सविता मौर्य का गदागंज ब्लॉक से निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। स्वामी प्रसाद की बेटी संघमित्रा मौर्या बदायूं से लोकसभा सदस्य हैं। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के पुत्र सुब्रत शाही का भी देवरिया के पथरदेवा ब्लॉक से निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। सुब्रत निर्वतमान ब्लॉक प्रमुख भी हैं।

आयोग नहीं दे सका आंकड़े
क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव में नामांकन के आंकड़े राज्य निर्वाचन आयोग देर रात तक जारी नहीं कर सका। सभी 75 जिलों में 825 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए बृहस्पतिवार दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए गए थे। लेकिन देर रात तक आयोग की ओर से नामांकन के अधिकृत आंकड़े जारी नहीं किए गए। आयोग के विशेष कार्याधिकारी एसके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को स्पष्ट हो सकेगा कि कहां कितने नामांकन दाखिल हुए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें