ओबीसी की दो दर्जन से अधिक जातियों में सम्मेलन के बाद भाजपा ने अब दलित वर्ग को साधने की योजना बनाई है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से 21 से 30 नवंबर तक राजधानी में दलित वर्ग की जातियों के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन होंगे। 21 नवंबर को सबसे पहले बसपा के वोट बैंक माने जाने वाले जाटव समाज का सम्मेलन होगा। पार्टी ने क्षेत्रीय स्तर पर पिछड़ों पर पकड़ मजबूत करने की योजना बनाई है। सभी जिलों में पिछड़े वर्ग के प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन किए जाएंगे।
भाजपा ने 21 से 24 नवंबर तक लखनऊ में क्षेत्रवार बैठक का आयोजन रखा है। अवध क्षेत्र की बैठक 21 नवंबर को, कानपुर और काशी क्षेत्र की 22 नवंबर, गोरखपुर व पश्चिम क्षेत्र की बैठक 23 नवंबर और ब्रज क्षेत्र की बैठक 24 नवंबर को होगी। इसके बाद 26 से 28 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर पदयात्रा को लेकर तैयारी बैठकें होंगी।
बंसल ने भाजयुमो पर कसा तंज
भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने बैठक के दौरान भाजयुमो के कामकाज पर असंतोष जाहिर किया। उन्होंने भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश से नाराजगी जताते हुए कहा, युवा मोर्चा को जो भी काम सौंपा गया है वह सफल नहीं हुआ। नाम युवा मोर्चा है, लेकिन काम बूढ़ों जैसा करते हो।
महेन्द्रनाथ पांडेय ने कहा, 17 नवंबर को निकाली गई कमल संदेश बाइक रैली ने रिकॉर्ड बनाया है। पहली बार एक ही दिन एक ही समय 6 लाख बाइकों पर 12 लाख से अधिक लोगों ने रैली निकाली। प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने बताया कि 26 जनवरी को भाजपा कार्यकर्ता कमल ज्योति लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों तक पहुंचेंगे।
संत समाज का सम्मान करती है भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, खुशी की बात है कि शिव सैनिकों को अक्ल आ गई है। अब उनके मन में भी उत्तर भारतीयों के प्रति प्रेम जागा है। वह बोले- पार्टी आज भी 1989 के हिमाचल राष्ट्रीय अधिवेशन में हुए निर्णय पर कायम है। हम अयोध्या में भव्य राम मंदिर के लिए प्रतिबद्ध हैं। 25 को अयोध्या में हो रही धर्मसभा के सवाल पर कहा, भाजपा संत समाज का सदैव सम्मान करती है और करती रहेगी।