17वीं विधानसभा में भाजपा के नाम कई रिकॉर्ड बने। इनमें से एक रिकॉर्ड सबसे अधिक व सबसे कम मतों से जीत का भी रहा। गाजियाबाद जिले की साहिबाबाद सीट से भाजपा के सुनील कुमार शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी अमर पाल को 1,50,685 मतों के बड़े अंतर से हराया है। सुनील कुमार को 2,62,741 जबकि अमर पाल को 1,12,056 वोट मिले हैं।
सबसे कम वोटों के अंतर से जीत सिद्धार्थनगर जिले में डुमरियागंज सीट पर हुई। यहां भाजपा के राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बसपा की सैयदा खातून को 171 मतों के मामूली अंतर से हराया। राघवेन्द्र को 67,227 जबकि सैयदा खातून को 67,056 वोट मिले हैं। इस बार के चुनाव में एक लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज करने वाले पांच विधायक हैं। इनमें चार भाजपा के व एक निर्दलीय हैं।
एक लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज करने वालों में कुंडा से निर्दलीय रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी हैं। उन्होंने भाजपा के जानकी शरण को 1,03,647 मतों के बड़े अंतर से हराया।
2012 में उन्होंने सर्वाधिक 88,255 मतों से विपक्षी को हराया था। इस बार उनकी जीत का अंतर और बढ़ गया है। इसी प्रकार 500 से कम मतों के अंतर से जीत दर्ज करने वाले चार विधायक हैं। इनमें तीन भाजपा व एक बसपा के हैं।
55 विधायकों ने 50 से 75 हजार वोटों से दर्ज की जीत
इस बार सूबे में 55 विधायक ऐसे हैं जिन्होंने 50 हजार से लेकर 75 हजार मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। इनमें 51 भाजपा के हैं जबकि सपा के दो विधायक शामिल हैं।
सपा की ओर से सबसे अधिक मतों से आजम खां का बेटा अब्दुल्ला आजम खां 53,096 मतों के अंतर से जीता है। इसके अलावा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी व अपना दल सोनेलाल के एक-एक विधायक जीते हैं।
77 विधायक 10 हजार से कम मतों से जीते
77 विधायक ऐसे हैं जो 10 हजार मतों से कम के अंतर से जीते हैं। इनमें 36 भाजपा के और 22 विधायक सपा के हैं। बसपा के 14, कांग्रेस के दो, रालोद, अपना दल व भासपा के एक-एक विधायक इसमें शामिल हैं। रालोद के एकमात्र विधायक छपरौली से सहेन्द्र सिंह 3,842 मतों से जीते हैं।
टॉप फाइव (जो सबसे अधिक मतों से जीते)
सीट--नाम--पार्टी--जीत का अंतर
साहिबाबाद--सुनील शर्मा--भाजपा--1,50,685
राठ--मनीषा अनुरागी--भाजपा--1,04,643
नोएडा--पंकज सिंह--भाजपा--1,04,016
कुंडा--रघुराज प्रताप सिंह--निर्दलीय--1,03,647
मथुरा--श्रीकांत शर्मा--भाजपा--1,01,161
सबसे कम वोट से जीतने वाले पांच विधायक
सीट--नाम--पार्टी--जीत का अंतर
डुमरियागंज--राघवेन्द्र प्रताप सिंह--भाजपा--171
मीरापुर--अवतार सिंह भड़ाना--भाजपा--193
माट--श्याम सुंदर शर्मा--बसपा--432
श्रावस्ती--राम फेरन--भाजपा--445
मोहनलालगंज--अंबरीष सिंह पुष्कर--सपा--530
75 हजार से अधिक मतों से जीतने वाले विधायक
सीट--नाम--पार्टी--जीत का अंतर
मेहरोनी--मनोहर लाल--भाजपा--99,564
महाराजपुर--सतीश महाना--भाजपा--91,826
मुरादनगर--अजित पाल त्यागी--भाजपा--89,612
रायबरेली--अदिति सिंह--कांग्रेस--89,163
आगरा उत्तर--जगन प्रसाद गर्ग--भाजपा--86,320
दादरी--तेजपाल सिंह नागर--भाजपा--80,177
लखनऊ पूरब--आशुतोष टंडन--भाजपा--79,230
उरई--गौरी शंकर--भाजपा--78,879
मेरठ कैंट--सत्य प्रकाश अग्रवाल--भाजपा--76,619