भाजपा विधायक ने सीएम योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ के विवेक तिवारी हत्याकांड में पुलिस प्रशासन की लीपापोती की कोशिश लगातार जनता का निशाना बन रही है। अब इस मामले में हरदोई के शाहाबाद की विधायक रजनी तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पुलिस प्रशासन व जिलाधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रजनी तिवारी ने लिखा है कि, इस घटना ने प्रदेश प्रशासन व पुलिस की छवि धूमिल की है। पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की बात कही गई, लेकिन वो थाने में बयान देता नजर आया। वहीं, पीड़ित परिवार ने लखनऊ जिलाधिकारी द्वारा धमकाये जाने की बात भी कही है जो कि बेहद शर्मनाक है।
रजनी तिवारी ने सीएम योगी से मांग की है कि घटना में लखनऊ के जिलाधिकारी व पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, जिससे जनता के बीच सख्त संदेश जाए।
हालांकि, आरोपी सिपाही संदीप कुमार व प्रशांत चौधरी को बर्खास्त कर दिया गया है।