भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने कहा कि देश में अब राजा-रानी का युग समाप्त हुआ। इंदिरा गांधी के बाद निर्मला सीतारमण ने सफलतापूर्वक रक्षा मंत्री के पद का निर्वहन किया। मोदी मंत्रिमंडल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।
लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने कहा कि देश में अब राजा-रानी का युग समाप्त हुआ। उत्तर प्रदेश में जहां एक परिवार पिछले 50 साल से जमा हुआ था, भाजपा की दुर्गा स्मृति ईरानी ने अमेठी में उन्हें परास्त कर दिया।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के बाद निर्मला सीतारमण ने सफलतापूर्वक रक्षा मंत्री के पद का निर्वहन किया। मोदी मंत्रिमंडल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वाति सिंह, मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री इंदुबाला गोस्वामी, सुमनलता जायसवाल और चेतना पांडेय मौजूद थी।
वहीं इससे पहले, सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस के नेताओं को मंदिर जाने और भारत माता की जय बोलने से डर लगता है इसलिए उन्हें वोट देना पाप है।
विज्ञापन
स्वतंत्र देव ने कहा कि प्रदेश में महिला शक्ति के दम पर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में फिर भाजपा की सरकार बनेगी। देश और प्रदेश में महिलाओं की राजनीति और सत्ता में भागीदारी बढ़ी है। राज्य सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी काफी काम किया है।
सपा, बसपा और कांग्रेस से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की दिशा में काम करेंगे। इसलिए प्रदेश में फिर ऐसी सरकार बनानी होगी जिसमें राम मंदिर का निर्माण चलता है, वंदेमातरम की गूंज होती है और जय श्रीराम के नारे लगते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के भेष में विपक्ष आक्रमणकारी हो गया है।