लखनऊ। नाका इलाके में सोमवार शाम ग्राहक बनकर पहुंचे बाइक सवार दो लुटेरे महिला दुकानदार मालती देवी के गले से सोने की चेन लूट ले गए। उन्होंने नाका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नाका के मोतीनगर कायमखेड़ा निवासी मालती देवी की घर के पास ही जनरल स्टोर की दुकान है। उनके मुताबिक सोमवार शाम करीब पांच बजे वह दुकान पर थीं। इस बीच बाइक सवार दो युवक उनकी दुकान पहुंचे। एक युवक दुकान तक आया और कोल्डडि्रंक मांगी और उन्हें कुछ सिक्के दिए। वह जैसे ही सिक्के लेने के लिए झुकीं आरोपी उनके गले से सोने की चेन छीनकर पास खड़े बाइक सवार साथी के साथ भाग गया। इंस्पेक्टर नाका अभिनव वर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।