ट्रक की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत
लखनऊ। गोसाईंगंज में सोमवार सुबह ट्रक की टक्कर से कस्बा बाजार निवासी बाइक सवार विवान उर्फ चेतन गुप्ता (19) की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर हैदरगढ़ की ओर भाग निकला।
पेट्रोल पंप के मालिक ज्ञान प्रकाश गुप्ता का बेटा विवान बाल गाइड इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र था। सोमवार सुबह वह बाइक से छोटे भाई कृष्णा को छोड़ने कबीरपुर स्थित अल्फा स्कूल गया था।
वहां से लौटने के दौरान कोल्ड स्टोरेज के पास वह हादसे का शिकार हो गया। वहां से गुजर रहे किसी परिचित ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
बेटे की मौत से मां रजनी का रो-रोकर बुरा हाल था। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक फुटेज के जरिये मिले ट्रक नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।