सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चार चुनावी जनसभाएं कीं। कहा, समाजवादियों ने भाजपा को अयोध्या समेत अवध में हराया है। बिहार की जनता भाजपा को मगध में हराएगी। पूरे बिहार में इंडिया गठबंधन के पक्ष में बदलाव की बयार चल रही है, इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। नई सरकार में नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा।
अखिलेश ने बुधवार को नवादा विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी कौशल यादव, जमुई विस से शमशाद आलम, बांका जिला के बेलहार विस में चाणक्य प्रकाश, भागलपुर के नाथनगर विस क्षेत्र में शेख जियाउल हसन के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। कहा, भाजपा के एजेंडे में नौकरी और रोजगार नहीं है।
भाजपा ने किसानों व नौजवानों को धोखा दिया है। इस चुनाव में बिहार की जनता केंद्र की भाजपा सरकार के 10 साल और बिहार में एनडीए सरकार के 20 वर्षों का हिसाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बिहार के बजट की लूट की है। बिहार से भाजपा का बंडलराज खत्म करना है।
सपा प्रमुख ने कहा कि बिहार के चुनाव में जनता के बीच तेजस्वी यादव को सीएम बनने को लेकर विशेष उत्साह है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जब से सरकार में आई है उसने महंगाई व बेरोजगारी को बहुत बढ़ा दिया है। सपाई समाजवादी लोग भाजपा को यूपी में 2027 में हराएंगे।