पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के चार शहरों लखनऊ, आगरा, मथुरा व प्रयागराज में हेलिकॉप्टर सेवा संचालित की जाएगी। पर्यटन नगरी आगरा, मथुरा व प्रयागराज में इसके लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर हेलीपोर्ट का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, लखनऊ में हेलीपोर्ट का निर्माण पर्यटन विभाग कराएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की पहली बैठक में पर्यटन विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय किए गए। हरिद्वार में स्थित उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटल अलकनंदा को उत्तराखंड सरकार को हस्तांतरित किया जाएगा। साथ ही वहां नए बने गेस्ट हाउस भागीरथी को यूपी पर्यटन विकास निगम को आवंटित किया जाएगा। इससे निगम की आय में बढ़ोतरी होगी।
प्रदेश में शुरू होगा लाइव इमरजेंसी मॉनीटरिंग सिस्टम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में लाइव इमरजेंसी मॉनीटरिंग सिस्टम संचालित करने वाला पहला राज्य उत्तर प्रदेश होगा। इसलिए इस दिशा में मोबाइल एप आधारित डिजिटल प्लेटफार्म और कमांड कॉल सेंटर सुचारू रूप से संचालित करने की तैयारी की जाए। उत्तर प्रदेश में ई-अस्पताल की स्थापना की रणनीति तैयार की जाए और दो साल में इसे क्रियाशील किया जाए। वे मंगलवार को स्वास्थ्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभागों के प्रस्तुतीकरण के दौरान संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मानसिक रोगियों के सहायतार्थ निजी स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 तक क्षय रोग से मुक्ति के प्रयासों को गति प्रदान करते हुए इस रोग से ग्रसित मरीजों को गोद लेने की कार्यवाही प्रशंसनीय होगी। लखनऊ के केजीएमयू में क्षय रोग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना कराई जाए। लखनऊ स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल चिकित्सालय का विस्तार के लिए कार्ययोजना बनाई जाए। अगले छह माह में पांच नर्सिंग स्कूल, तीन पैरा मेडिकल स्कूल और 24 स्किल लैब की स्थापना की जाएगी। इसी तरह हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा।