लखनऊ को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए आपका दिया सुझाव आपको 50,000 रुपये का इनाम दिला सकता है। डीएम राजशेखर ने सबसे अच्छे सुझाव देने वाले तीन विजेताओं को अवार्ड देने की घोषणा की है। साथ ही लखनऊ को स्मार्ट सिटी की दौड़ में आगे लाने के लिए सिनेमा हॉल, एफएम रेडियो पर भी प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।
बृहस्पतिवार को लखनऊ को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए 60 संस्थाएं जुटीं। इन संस्थाओं का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर भी अपडेट लिया जाएगा। कॉलर ट्यून, बल्क मैसेज की भी मदद ली जाएगी।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में www.mygov.in पर सुझावों का आंकड़ा बढ़ाने के लिए डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक ली। इसमें उन्होंने संस्थाओं से अपील की कि स्मार्ट सिटी के लिए
www.mygov.in पर वोट और सुझाव करें।
इसमें यूपीटीयू वीसी प्रो.विनय पाठक सहित व्यापारिक संगठन, चिकित्सकों के संगठन, यूनिवर्सिटी, कॉलेज, राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी, नगर निगम, जिला प्रशासन, विकास भवन के अधिकारी और पदाधिकारी जुटे। डीएम ने एक प्रजेंटेशन देते हुए जहां वोट और सुझाव देने का तरीका समझाया।
वहीं अपील की कि संयुक्त प्रयास कर आंकड़ा एक लाख से ऊपर पहुंचाया जाए। इसके लिए केवल 30 नवंबर तक का समय है ऐसे में तुरंत इसके लिए संस्थाएं जुट जाएं। एक ईजी टू यूज ब्रोशर भी बैठक में शामिल नागरिकों को बंटवाया गया।
डीएम ने कहा कि सुझाव की गुणवत्ता मिले। इसके लिए सबसे अच्छे तीन सुझाव चुने जाएंगे। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमश: 50 हजार, 30 हजार और 15 हजार रुपये कैश अवार्ड दिया जाएगा। इन तीनों विजेताओं को जिला प्रशासन और नगर निगम खुद सम्मानित करेगा।
यह लोग स्मार्ट सिटी बनने की प्रक्रिया में भी शामिल किए जाएंगे। डीएम ने अपील की कि यह कोशिश हम अपने शहर लखनऊ के लिए कर रहे हैं। इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। यह विशेष अभियान चार दिन तक चलेगा।