लखनऊ। जालसाजों ने इंस्टाग्राम के जरिये दोस्ती कर इंदिरानगर निवासी राहुल वर्मा को मिलने बुलाया। फिर बंधक बनाकर चेन और नकदी लूट ली। पीड़ित की तहरीर पर इंदिरानगर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
राहुल ने बताया कि 30 नवंबर 2025 को इंस्टाग्राम पर उनकी दोस्ती शिवम उपाध्याय से हुई थी। इसके कुछ दिन बाद उसने उन्हें घुमाने के बहाने रात करीब 8:20 बजे खुर्रमनगर स्थित मस्जिद के पास बुलाया। वहां से शिवम उन्हें बाइक से सीमैप की ओर जाने लगा। रास्ते में शिवम ने बाइक रोक दी। वहीं पर उसके साथी संदीप गौतम और विवेक कुमार भी आ गए।
गांजा तस्करी में जेल भेजने की दी धमकी
राहुल के अनुसार, संदीप ने एक पुड़िया उनकी पैंट की जेब में रख दी और गांजा तस्करी में जेल भेजने की धमकी दी। विरोध पर विवेक ने चाकू निकाल लिया और दो साथी उन्हें घसीटते हुए जंगल ले गए। आरोपियों ने उनके मुंह पर रूमाल बांध दिया और लात-घूसों से पीटा। आरोपियों ने उनसे 8500 नकद, सोने की चेन लूट लिए और चार हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। रात करीब 10:30 बजे तीनों आरोपी उन्हें बाइक पर बैठाकर खुर्रमनगर में छोड़ गए।
जेल जा चुके हैं आरोपी
राहुल के अनुसार, अगले दिन उन्होंने अपना इलाज कराया। आरोपियों ने उनका वीडियो भी बनाया था, जिससे वह ब्लैकमेल कर सकें। घटना से वह काफी डरे हुए थे। 20 मार्च को उन्होंने इंदिरानगर थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि घटना काफी पुरानी हो चुकी है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नामजद आरोपी पहले भी इंदिरानगर और अन्य थानों से जेल भी जा चुके हैं।
कुकरैल जंगल में एक और युवक को रातभर बनाए रखा बंधक
इसी तरह गुडंबा के कल्याणपुर निवासी सचिन चौहान ने बताया कि सोशल मीडिया पर उनकी दोस्ती आदर्श सिंह से हुई। उसने उन्हें 12 जुलाई 2025 को कुकरैल मिलने बुलाया था। वहां रात में पहुंचने पर आदर्श और उसके चार साथियों ने उन्हें पकड़ लिया और घसीटते हुए कुकरैल जंगल में ले गए। रातभर बंधक बनाकर पीटा और ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करा ली। इसके बाद मोबाइल छीनकर डेटा व कॉन्टैक्ट लिस्ट कॉपी करके सुबह छह बजे उन्हें छोड़ दिया। डर के कारण उन्होंने किसी से घटना का जिक्र नहीं किया। अब इंदिरानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।