माता-पिता व बहन को पीटकर घर से निकाला
लखनऊ। वह पिता जिसने अपनी जिंदगीभर की खून-पसीने की कमाई बेटे के पालन पोषण और भविष्य संवारने में लगा दी। पाई-पाई जोड़कर बेटे को रहने के लिए मकान बनवाया। आज उसी बेटे ने अपने पिता, मां व बहन को घर से निकाल दिया। घटना है पीजीआई इलाके की।
सेनानी विहार कॉलोनी निवासी गुंजन सिंह के बेटे मानवेंद्र व बहू पलक ने उन्हें, पिता व बहन को पीटकर घर से निकाल दिया। गुंजन ने मामले की शिकायत डीसीपी दक्षिणी से की। उनके आदेश पर पुलिस ने बुधवार को एफआईआर दर्ज की है।
गुंजन के मुताबिक उनका बेटा अक्सर उन्हें, पति व बेटी को पीटता है। जान से मारने की धमकी देता है। बेटी की वार्षिक परीक्षा आ गई है। प्रताड़ना के कारण बेटी की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वह बीमार रहती है। मंगलवार शाम पांच बजे बेटी ट्यूशन पढ़ने गई थी। वहां बेटा भी पहुंच गया और बिना कारण बहन को पीट दिया। घायल बेटी जब पड़ोसियों को लेकर लौटी तो नाराज बेटे-बहू ने तीनों को घर से निकाल दिया। मजबूरन उन्हें, बेटी और पति को रात घर के पास होटल में काटनी पड़ी। आरोपी बेटा घर से दवा व कपड़े तक नहीं लेने दे रहा है।