पुलिस ने लापता बच्ची को तीन घंटे में ढूंढ निकाला
- फोटो : amar ujala
लखनऊ की गुडंबा पुलिस ने नौ साल की मासूम आस्था को तीन घंटे के अंदर तलाश कर परिवारीजनों से मिलाया। वह पेंसिल लेने निकली थी। वापसी में रास्ता भूल गई थी। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ राय के मुताबिक, जानकीपुरम निवासी संजय सिंह एक निजी कंपनी में काम करते हैं।
उनकी बेटी आस्था कक्षा चार की छात्रा है। सोमवार को स्कूल से लौटने के बाद करीब 4.30 बजे आस्था अचानक लापता हो गई। परिवारीजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कुछ सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिवारीजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम और गुडंबा थाने को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस टीम मासूम की तलाश में सक्रिय हो गई। एक टीम का नेतृत्व अतिरिक्त निरीक्षक धीरज शुक्ला कर रहे थे। उनकी टीम जानकीपुरम सेक्टर-जी स्थित एक निजी अस्पताल के पास पहुंची। जहां उन्हें आस्था मिल गई। धीरज उसे अपने साथ थाने ले गए। वहीं, परिवारीजनों को बुलाया। इसके बाद सुपुर्द कर दिया। आस्था ने पुलिस को बताया कि वह पेंसिल लेने गई थी। कुछ दूर आगे निकल गई और रास्ता भटक गई थी।