बाराबंकी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक स्वास्थ्यकर्मी समेत चार के शव फंदे से लटके मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घरों में कोहराम मचा है।
पहली घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले की है। यहां पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सलमान उर्फ कैफ का शव घर में ही कमरे में फंदे से लटका मिला। अकेले रहने वाले सलमान के घर से दुर्गंध होने पर पडोसियों ने अनहोनी की आशंका को लेकर पुलिस को सूचना दी। इस पर पहुंची पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो सलमान का शव फंदे से लटकता मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण उसके शरीर की त्वचा नीचे गिर रही थी। पडोसियों ने पुलिस को बताया कि सलमान जिला अस्पताल के होम्योपैथ विभाग में काम करता है। उसका भाई लखनऊ में नौकरी करता है। इस पर पुलिस ने उसके भाई को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना दरियाबाद थाना क्षेत्र के अवशेरगढ़ मजरे दत्तपुरवा गांव की है। बहराइच के कैसरगंज निवासी भानु प्रताप सिंह (42) अपने बहनोई के बसंत सिंह के घर में तीन दशक से रहता है। बृहस्पतिवार की रात उसका शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। बृहस्पतिवार भानु के नशे में होने लेकर बहनोई व बहन से विवाद के बाद घर से चला गया था। परिवारीजनों ने बताया कि रात में उसके जान देने का फोन आने के बाद तलाश शुरू की तो उसका शव पेड़ में फंदे से लटकता मिला। एसओ दुर्गा प्रसाद शुक्ल ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सतरिख थाना क्षेत्र के भग्गनपुर गांव में किराए पर रहकर गोल गप्पे बेचने वाले मध्य प्रदेश के दतिया जिले के सलोन निवासी युवक प्रदीप (28) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। चैनल बंद होने पर मकान मालिक ने अंदर जाकर देखा तो युवक का शव फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना मकान मालिक दयाराम रावत ने पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने बताया कि युवक ने फंदे से लटकर जान दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, कुर्सी थाना क्षेत्र के ओदार गांव निवासी अशर्फी लाल की पत्नी श्रीमती शर्मा (45) शुक्रवार की सुबह खेत गई थी। काफी समय बीतने के बाद घर नहीं पहुंची तो उसने तलाश परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान गांव के बाहर पेड़ में फंदे से शव लटकता मिला। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि महिला मानसिक रोग से परेशान थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।