केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री बंडारू दत्तात्रेय
- फोटो : amar ujala
केंद्र सरकार की कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के तहत यूपी में 46 डिस्पेंसरी खोलने की योजना है, बशर्ते राज्य सरकार इसके लिए जमीन उपलब्ध करा दे।
यह घोषणा केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बंडारू दत्तात्रेय ने राजधानी में ईएसआई अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के उद्घाटन अवसर पर की। उन्होंने कहा कि इसके लिए 900 करोड़ रुपये के निवेश की तैयारी कर ली गई है।
उन्होंने जल्द ही आंगनबाड़ी, मिड डे मील, आशा वर्कर, ऑटो रिक्शा और रिक्शा चालकों समेत असंगठित क्षेत्र के सभी मजदूरों को ईएसआई अस्पतालों में निशुल्क इलाज के लिए कार्ड देने की घोषणा भी की।
बुधवार को सरोजिनी नगर में ईएसआईसी के 100 करोड़ रुपये से बने अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के उद्घाटन अवसर पर दत्तात्रेय ने कहा कि लखनऊ में मजदूरों को आसानी से इलाज नहीं मिल पाता। इस वजह से बड़ी संख्या में मजदूर दम तोड़ देते हैं। इसे देखते हुए यहां सुपर स्पेशियलिटी सेवा देने के लिए अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर खोला गया है।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री ने कहा कि आईपी (बीमित व्यक्ति) ही हमारे लिए वीआईपी है। यूपी में ईएसआईसी के तहत 14 लाख बीमित व्यक्ति हैं। लाभार्थियों की कुल संख्या 54 लाख है।